ऊना। अखिल भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी संघ के आह्वान पर शुक्रवार को ऊना मंडल के ग्रामीण डाक कर्मियों ने केंद्र सरकार एवं पोस्टल बोर्ड की नीतियों के विरोध में भोजनावकाश के दौरान ऊना मुख्य डाकघर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान जीडीएस यूनियन ऊना मंडल के अध्यक्ष बलवीर सिंह तथा मंडलीय सचिव जगतार सिंह की अध्यक्षता में दिया गया।
जगतार सिंह ने कहा कि देश भर के ग्रामीण डाक कर्मियों की मांगों पर केंद्र सरकार गंभीर नहीं है, और अब सरकार ने महंगाई भत्ता पर रोक लगाकर यह साबित कर दिया है कि मौजूदा केंद्र सरकार कर्मचारियों के प्रति कितनी संजीदा है।
कहा कि ग्रामीण डाक कर्मियों पर काम का इतना बोझ लादा जा रहा है, कि वह मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं। जगतार सिंह ने कहा कि ग्रामीण डाक कर्मियों के प्रति पोस्टल बोर्ड तथा केंद्र सरकार की दमनकारी नीति के चलते ही सचिव डाक विभाग भारत सरकार को 26 नवंबर के लिए एक दिवसीय हड़ताल का नोटिस दिया गया है। शुक्रवार को मुख्य डाकघर परिसर में ग्रामीण डाक सेवकों ने हो रहे शोषण के प्रति खुलकर आवाज उठाई।
ये हैं मुख्य मांगें
मुख्य 12 मांगों में देश भर के जीडीएस को सिविल सवेंट घोषित करने, तय समय में तीन पदोन्नतियां देने, खाली पदों में जीडीएस को 20 फीसदी आरक्षण देना, आयु सीमा 35 से 40 वर्ष करना। जीडीएस कर्मियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करना, समूह बीमा राशि को बढ़ाना तथा प्रोत्साहन राशि या मानदेय के आधार पर कराए जा रहे काम के लिए टाईम फैक्टर पर अवास्तविक लक्ष्य को आधा करना शामिल है।