अब मार्च के बाद सड़कें होंगी पक्की, डंगों और नालियों को बनाने का कार्य रहेगा जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में अत्यधिक तापमान गिरने पर टारिंग और पैचवर्क के कार्य पर भी विराम लग जाएगा। लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई ने इस पर मंथन करना शुरू कर दिया है। विभाग का दावा है कि अब यह कार्य मार्च के बाद गर्मियों में शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा सड़कों में डंगों और नालियों का कार्य युद्धस्तर पर जारी रहेगा। जिले में मौजूदा समय में दिन में तापमान 24 डिग्री जबकि रात के समय छह डिग्री तक पहुंच रहा है। ऐसे में सड़कों की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए अब टारिंग कार्य बंद करने की तैयारी है। इस बरसात के दौरान ग्रामीण समेत मुख्य सड़कों को काफी नुकसान पहुंचा था। संपर्क मार्गों समेत कई सड़कों पर गड्ढ़ों के होने से वाहन चालकों को काफी परेशानी आ रही थी। इसी को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने अधिकांश सड़कों का मरम्मत कार्य पूरा कर लिया है। जिला मुख्यालय से सटी बसाल से धमांदरी सड़क टारिंग के बाद पूरी तरह चकाचक हो गई है। अब डंगों का कार्य चला हुआ है। झलेड़ा से लेकर रेडलाइट चौक तक पांच किलोमीटर क्षेत्र में हाईवे पर टारिंग का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। इसके अलावा अन्य मार्गों को भी सुधारा जा रहा है। मौसम विभाग ने जिले में पांच से बारिश की संभावना जताई है। इसके चलते अब टारिंग संबंधी कार्य को बंद करने की तैयारी है। एनएचएआई के सहायक अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि झलेड़ा से रेडलाइट चौक पर ही हाईवे पर टारिंग की जाएगी। इसके आगे मैहतपुर तक का कार्य गर्मियों में किया जाएगा।
कोट्स
उपमंडल में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को सुधारा जा रहा है। इसके लिए विभाग की ओर से टेंडर भी जारी कर दिए हैं। लगातार गिर रहे तापमान को देखते हुए आगामी दिनों में अब टारिंग का कार्य बंद कर दिया जाएगा। जैसे ही गर्मियां शुरू होंगी। फिर से टारिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। - ई. कुलदीप सिंह ठाकुर, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग ऊना।