ऊना। ऊना-संतोषगढ़ सड़क पर नगड़ा गांव में तेज रफ्तार दौड़ते तेल टैंकर हादसे को न्योता दे रहे हैं। गांव में सड़क के दोनों ओर आबादी है और इसी मार्ग से दिनभर तेल से भरे भारी-भरकम टैंकरों की आवाजाही होती रहती है। नगड़ा गांव में ऊना-संतोषगढ़ सड़क के किनारे स्कूल भी स्थित है। स्कूल आने-जाने वाले कई बच्चे इसी सड़क से पैदल होकर स्कूल तक पहुंचते हैं और छुट्टी के बाद वापस घर जाते हैं। ऐसे में तेज रफ्तार तेल टैंकरों की आवाजाही से स्कूली बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार नगड़ा गांव से होकर गुजरने वाली ऊना-संतोषगढ़ सड़क पर दिनभर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही रहती है। इनमें तेल टैंकरों की संख्या भी काफी रहती है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई तेल टैंकर चालक आबादी वाले हिस्से में भी तेज रफ्तार से चलते हैं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नंगड़ा गांव में आबादी और स्कूल वाले हिस्से में तेल टैंकरों की रफ्तार पर विशेष निगरानी रखी जाए।
सुबह और दोपहर के समय जब बच्चों की सड़क पर आवाजाही अधिक रहती है, उस दौरान तेज रफ्तार तेल टैंकरों का गुजरना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल के आसपास तेल टैंकरों समेत सभी भारी वाहनों की गति नियंत्रित किया जाना जरूरी है।
-बीना कुमारी, स्थानीय निवासी
यदि समय रहते ऊना-संतोषगढ़ सड़क पर नगड़ा गांव के बीच तेज रफ्तार तेल टैंकरों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन को लोगों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए इस समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए।
-बलबीर सिंह, स्थानीय निवासी
ऊना-संतोषगढ़ सड़क पर तेल टैंकरों सहित अन्य बड़े वाहनों की ओवर स्पीड का मामला ध्यान में आया है। इसे लेकर क्षेत्र से संंबंधित पुलिस थाना की टीम को निर्देश दे दिए जाएंगे। तय सीमा से अधिक तेज चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-सचिन हिरेमठ, पुलिस अधीक्षक ऊना