28 को सचिव के दौरे के चलते लोक निर्माण विभाग ने की सख्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। प्रदेश सरकार के सचिव (वित्त, योजना, ई एंड एस) डॉ. अभिषेक जैन 28 सितंबर से ऊना जिले के दौरे पर रहेंगे। 29 सितंबर को वे रक्कड़ कॉलोनी के पास स्थित एक रिज़ॉर्ट में सांख्यिकीय सुदृढ़ीकरण (एसएसएस) योजना के अंतर्गत उपयोगकर्ता-उत्पादक संवाद एवं हितधारक परामर्श कार्यशाला की अध्यक्षता करेंगे। उनके दौरे को लेकर लोक निर्माण विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सचिव के सर्किट हाउस में ठहरने के चलते विभाग ने परिसर में निजी वाहनों की पार्किंग पर पाबंदी लगा दी है। इसके लिए गेट पर एक चौकीदार की तैनाती भी की गई है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार मौजूदा समय में कई लोग अपने निजी वाहन सर्किट हाउस परिसर में पार्क कर देते हैं, जिससे अव्यवस्था और दिक्कतें उत्पन्न होती हैं। ऐसे में शनिवार से सख्ती बरती जाएगी और केवल प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों को ही परिसर में प्रवेश और पार्किंग की अनुमति होगी।
शुक्रवार को विभाग के अधिशासी अभियंता ने सर्किट हाउस का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बताया कि परिसर में अधिक गाड़ियां होने से परेशानी आती है, इसी कारण यह निर्णय लिया गया है।