विशेष ग्रामसभा : विकास कार्यों की गति को और तेजी से करने का निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। ग्राम पंचायत नंगड़ा में मंगलवार सुबह 11:30 बजे संविधान दिवस पर होने वाली विशेष ग्राम सभा के लिए कुछ लोग मौजूद हैं। यहां मौजूद पंचायत सचिव शिव कुमार ग्रामवासियों के आगमन के साथ-साथ रजिस्टर पर उनका नाम अंकित कर रहे हैं। इस बीच यहां पर पंचायत प्रधान रणविजय भी पहुंचते हैं। यहां पहुंचे लोगों को आज होने वाली ग्राम सभा के प्रायोजन को लेकर अवगत भी कराया जाता है। करीब 12 बजे यहां पर 35 के करीब विभिन्न वार्ड वासी महिला एवं पुरुष पहुंचे हैं। सभी को ग्राम पंचायत के एजेंडे के बारे में स्पष्ट किया जाता है। इस बीच कुछ रोज हुई ग्राम सभा के मुद्दों की बात भी छेड़ते हैं। जनप्रतिनिधि भी विकास कार्यों की गति को और तेजी से करने का निर्णय लेते हैं। महिलाएं ग्राम पंचायत के तहत बनाए गए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से जरूरतमंद महिलाओं की आर्थिकी को और सुदृढ़ बनाने की संकल्प लेती हैं। 12:30 बजे तक पंचायत प्रधान सभी मौजूद महिलाओं को सरकार की योजनाओं से अवगत करवाते हैं। स्वयं सहायता समूहों से विभिन्न कार्यों को जोड़कर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। मनरेगा, विकास कार्य आदि पर भी सभी ने मिलकर चर्चा की। संविधान में निहित अधिकारों का जिम्मेदार नागरिक के रूप में निर्वहन करने का आह्वान भी किया। 1 :00 बजे सभी ने मिलकर संविधान दिवस पर शपथ ग्रहण की। पंचायत सचिव शिव कुमार ने सभी काे एकता, अखंडता और क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प दिया।
विशेष ग्राम सभा के आयोजन में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। संविधान दिवस पर भी शपथ ग्रहण की गई। विकास कार्य आगे बढ़ें, समयबद्ध तरीके से पूरे हों, इस विषय पर अपनी राय स्पष्ट की है।
-युद्धवीर सिंह, नंगड़ा वासी।
-
कुछ दिनों पहले भी ग्राम सभा हुई और आज संविधान दिवस पर इसका विशेष आयोजन हुआ। अकसर इस प्रकार के आयोजन ग्राम क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर पुख्ता दस्तावेज बनते हैं।
-महिंद्र पाल, नंगड़ावासी।
ग्राम सभा में अच्छा यह लगा कि महिला उत्थान एवं स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को जोड़ने पर बल दिया गया। इससे महिलाओं की आर्थिकी मजबूत होगी। -ज्ञानो देवी।
गांव में पांच के करीब स्वयं सहायता समूह चल रहे हैं। यह स्थानीय महिलाओं की आत्मनिर्भरता को दर्शाता है। ग्राम सभा में महिलाओं के लिए विशेष व्याख्यान, रणनीति और बल प्रदान करेगी।
-नरिंद्र कौर।
संविधान दिवस पर इसका महत्व, अधिकार और महिला सशक्तिकरण पर बल दिया गया है। सभी ने संकल्प लिया है कि मिलकर विकास रथ को आगे बढ़ाएंगे। -रणविजय, प्रधान।