ऊना। भाजपा के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने सोमवार को प्रदेश सरकार और खाद्य सुरक्षा विभाग पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि फूड सेफ्टी विभाग की लापरवाही से प्रदेश में उपभोक्ताओं की सेहत के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
उन्होंने बताया कि सितंबर से अब तक विभाग द्वारा पांच दर्जन से अधिक खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे गए हैं। सत्ती ने कहा कि फेस्टिवल सीजन के दौरान हिमाचल प्रदेश में अन्य राज्यों से भारी मात्रा में खाद्य पदार्थ, विशेषकर पनीर और दूध उत्पाद लाए गए, जिनमें से कई बार संदिग्ध क्वालिटी की सामग्री भी पकड़ी गई। अब सवाल यह है कि इतने सैंपल भरने के बावजूद अभी तक एक भी रिपोर्ट सामने क्यों नहीं आई।
सत्ती ने कहा कि मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। फूड सेफ्टी विभाग में अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी तक पर्याप्त संख्या में नहीं हैं। ऐसे में यह विभाग जनता की सुरक्षा सुनिश्चित कैसे करेगा। उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल लंबित सैंपलों की रिपोर्ट सार्वजनिक करे और विभाग में खाली पदों को शीघ्र भरे। साथ ही, फूड सेफ्टी जांच प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए डिजिटल रिपोर्टिंग सिस्टम लागू किया जाए ताकि किसी भी स्तर पर देरी या गड़बड़ी न हो।