ऊना। पिछली बरसात में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुए पेखुबेला-झोड़ोवाल पुल का मरम्मत कार्य आखिरकार 10 महीने बाद शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने लगभग 10 लाख रुपये की लागत से पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से को दुरुस्त करने का काम शुरू किया है। पुल की जर्जर हालत और मरम्मत में हो रही देरी का अमर उजाला अखबार में प्रमुखता से उठाया गया था, जिसके बाद विभाग हरकत में आया।
बता दें कि पिछले वर्ष मानसून के दौरान हुई तेज बारिश और बाढ़ जैसे हालात में पुल का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। पुल के किनारों की सुरक्षा दीवारें टूट गई थीं और कई जगह पर ढांचा कमजोर पड़ गया था। इसके मरम्मत कार्य को लेकर लोक निर्माण विभाग ने करीब दो महीने पहले टेंडर आवंटित कर दिया था।
मानसून दोबारा शुरू होने से पहले भी पुल की हालत को लेकर स्थानीय लोग चिंता जता रहे थे। ग्रामीणों का कहना था कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो बरसात में हालात फिर बिगड़ सकते हैं और संपर्क व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। स्थानीय लोगों ने इसे राहत भरा कदम बताया है लेकिन मांग की है कि कार्य जल्द पूरा कर पुल को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाए ताकि आगामी मानसून में दोबारा खतरे की स्थिति पैदा न हो। दस महीने बाद पुल के मरम्मत कार्य के शुरू होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।
पेखुबेला-झोड़ोवाल पुल का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। इसे जल्द पूरा कर दिया जाएगा।
-केएस ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, ऊना