रायंसरी स्कूल में नियमित कक्षाओं से पहले क्लास रूम को सैनिटाइजेशन करते हुए।
- फोटो : Una
नारी (ऊना)। जिले में सोमवार यानी आज से आठवीं से लेकर जमा दो तक नियमित रूप से कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। जिला में इसके लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी पूरी कर ली गई है। उप निदेशक की तरफ से जिला भर के सभी स्कूल प्रधानाचार्यों को कोविड नियमों की सख्ती से अनुपालना करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
जिला में सरकार की तरफ से जारी एसओपी के अनुसार स्कूलों में प्रार्थना सभा नहीं होगी। छात्र स्कूल में एंट्री करेंगे और सीधे क्लासरूम में जाएंगे। इस दौरान विद्यालयों में खेलकूद गतिविधियां नहीं होंगी। स्कूल खुलने से पहले सभी स्कूल प्रमुखों को कोविड की सभी गाइड लाइन का पालन करने के लिए माइक्रो प्लान तैयार करना होगा।
रोजाना कक्षाएं सैनिटाइज होंगी। शौचालयों की प्रतिदिन सफाई अनिवार्य होगी। सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्टाफ को मास्क पहनना, थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजिंग और सोशल डिस्टेंसिंग रखना अनिवार्य होगा। स्कूल के बंद कमरों के अलावा आउटडोर में भी कक्षाएं लगाने का विकल्प ढूंढ सकते हैं। इसके साथ एसओपी की पालन न करने और लापरवाही बरतने वाले स्कूल प्रबंधनों पर शिक्षा विभाग की टीमें निगरानी रखेंगी।
इस संबंध में उप निदेशक उच्च शिक्षा जनकराज ने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर पूर्ण तैयारी कर ली गई है। इस दौरान विद्यालयों को सैनिटाइज करवा दिया है। उन्होंने स्कूल प्रबंधनों को एसओपी की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वह स्कूलों का औचक निरीक्षण कर जांच करते रहेंगे।
मास्क पहनना अनिवार्य
उच्च शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूल प्रधानाचार्यों को विद्यार्थियों की क्षमता और कमरों की संख्या के अनुसार माइक्रो प्लान बनाने को कहा है। शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य रहेगा। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही स्कूल परिसरों में प्रवेश दिया जाएगा।