संवाद न्यूज एजेंसी
दुलैहड़ (ऊना)। ब्रह्मकुमारीज़ दुलैहड़ की ओर से आयोजित शिव संदेश रथयात्रा शुक्रवार को आठवें दिन क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंची। जहां यात्रा के माध्यम से आध्यात्मिक ऊर्जा और उमंग का संचार किया। रथ यात्रा ने लालूवाल, हीरा, पूबोवाल, कुठार, बेलना, गोंदपुर, सिंगा सहित कई गांवों का दौरा किया। रथ के आते ही वातावरण भक्तिमय और प्रेरणादायक बन गया।
बीके बबीता दीदी ने गांववासियों को परमपिता परमात्मा शिव का शांति, प्रेम और पवित्रता का संदेश दिया, साथ ही राजयोग ध्यान की सरल विधि भी समझाई। उन्होंने बताया कि आज के तनावपूर्ण और भागदौड़ भरे जीवन में आत्मिक शांति प्राप्त करने का सहज मार्ग राजयोग है। कई स्थानों पर ग्रामीणों ने रथ का स्वागत उत्साहपूर्वक किया और ध्यान के अनुभव को आत्मसात किया। रथयात्रा के दौरान बीके अवधेश ने यह संदेश दिया कि जब मन सकारात्मक और आत्मा सशक्त होती है तो परिवार और समाज में सुख-शांति का वातावरण स्थापित होता है।
ग्रामवासियों ने इस आध्यात्मिक पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। इस अवसर पर बीके अरविंद, रामकृष्ण, नाजिर, सोमनाथ, रोहित, नानक, परवीन, लता, सुमन, नितिका, रितु आदि भाई-बहन रथयात्रा में सहभागी बने।