ऊना। जिला मुख्यालय से महज चार किलोमीटर दूर बसाल ख्वाजा क्षेत्र में रविवार दोपहर दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से सनसनी फैल गई। 27 वर्षीय राकेश कुमार उर्फ गग्गी, निवासी अपर अरनियाला, अपने साथियों के साथ क्षेत्र में आयोजित खेल प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि जा रहे थे। रवाना होने से पहले वह बाल संवारने के लिए बार्बर शॉप पर रुके था।
इसी दौरान बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने दुकान में घुसकर नजदीक से गोलियां दाग दीं। गोलियां इतनी पास से चलाई गईं कि राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। दुकान में मौजूद अन्य लोगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, जिससे साफ है कि हमला सुनियोजित था और केवल राकेश को निशाना बनाने के लिए ही अंजाम दिया गया।
वारदात के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। घटना की सूचना फैलते ही घटनास्थल और क्षेत्रीय अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई। आपातकालीन वार्ड से लेकर शवगृह तक अफरातफरी का माहौल रहा। जिला मुख्यालय से महज कुछ दूरी पर हुई वारदात के बावजूद पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची, जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष है। राकेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जहां आज उसका पोस्टमार्टम होगा।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे जिले में नाकेबंदी कर दी और हत्या के कारणों तथा हमलावरों की तलाश तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमला बेहद योजनाबद्ध था। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जता रहे हैं और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एक घंटे की देरी से पहुंची पुलिस
स्थानीय लोगों में पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी है। वारदात के लगभग एक घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। एसपी ऊना अमित यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हमलावरों को पकड़ने के लिए नाकेबंदी कर दी गई है। यह भी जांच की जा रही है कि हमलावर स्थानीय हैं या पंजाब समेत अन्य राज्यों से संबंध रखते हैं और क्या वे पेशेवर शूटर हैं।
बसाल में हुए गोली लगने से हुई हत्या के बाद एसपी ऊना लोगों से जानकारी लेते हुए।संवाद
बसाल में हुए गोली लगने से हुई हत्या के बाद एसपी ऊना लोगों से जानकारी लेते हुए।संवाद
बसाल में हुए गोली लगने से हुई हत्या के बाद एसपी ऊना लोगों से जानकारी लेते हुए।संवाद