मानसिक, सामाजिक और शारीरिक रूप से कमजोर बच्चों को बांटे जाएंगे फल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन जिला बिलासपुर की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती 20 अगस्त को भगेड़ में विशेष बच्चों के बीच मनाई जाएगी। इस अवसर पर मानसिक, सामाजिक और शारीरिक रूप से कमजोर बच्चों को फल वितरित किए जाएंगे। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर ने की। इस मौके पर संगठन ने निर्णय लिया कि राजीव गांधी के विजन और कांग्रेस की विचारधारा के अनुरूप समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर उनसे संवाद स्थापित किया जाएगा।
प्रदेश सह संयोजक ठाकुर हीरा पाल सिंह ने बताया कि संगठन समय-समय पर अनाथ बच्चों, बेसहारा लोगों और वृद्ध आश्रमों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत जिला मुख्यालय में बैठकर नहीं, बल्कि गांव और पंचायत स्तर पर जनता के बीच जाकर काम करने में है।
उन्होंने कहा कि संगठन किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि सबकी भागीदारी से चलता है। कांग्रेस की नीति और नियत भी यही है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक संवाद और सहयोग पहुंचाया जाए।