फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: बाजार में 600 से 800 रुपये प्रति किलो बिक रहा है मुनक्का

Sun, 22 Mar 2026 07:13 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन
बडूही (ऊना)। बदलते मौसम के साथ ही बाजार में मुनक्का की मांग में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ठंड और गर्मी के बीच के इस संक्रमण काल में लोग अपनी सेहत को बेहतर बनाए रखने के लिए प्राकृतिक चीजों की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं और मुनक्का उनमें सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है। इन दिनों बाजार में मुनक्का 600 से 800 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है। मुनक्का स्वाद में मीठा होने के साथ-साथ कई औषधीय गुणों से भरपूर होता है। यह एसिडिटी और कब्ज जैसी आम समस्याओं से राहत दिलाने में मदद करता है। इसके अलावा दमा के मरीजों के लिए भी यह फायदेमंद माना जाता है और शरीर के हार्मोन्स को संतुलित रखने में सहायक होता है। मुनक्का में मैग्नीशियम, कैल्शियम और विटामिन-बी प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं जो शरीर को ऊर्जा देने और इम्यूनिटी मजबूत करने में मदद करते हैं। खास तौर पर खांसी और गले की समस्याओं में मुनक्का बेहद लाभकारी साबित होता है। इसके साथ साथ मुनक्का हृदय के लिए बहुत लाभकारी होता है। आयुर्वेद के अनुसार, यदि मुनक्का को रातभर पानी में भिगोकर सुबह उसके बीज निकालकर सेवन किया जाए तो इसका असर और भी अधिक बढ़ जाता है। बदलते मौसम में जहां बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, वहीं मुनक्का जैसे प्राकृतिक खाद्य पदार्थ लोगों के लिए एक तरह से सुरक्षा कवच बनकर उभर रहे हैं। बढ़ती कीमतों के बावजूद इसकी लगातार बढ़ती मांग इस बात का संकेत है कि लोग अब अपनी सेहत के प्रति पहले से ज्यादा जागरूक हो गए हैं।
विज्ञापन

किराना दुकानदार सतीश महता बताते हैं कि मौसम बदलते ही मुनक्का की डिमांड काफी बढ़ गई है। पहले लोग कम मात्रा में लेते थे, लेकिन अब किलो के हिसाब से खरीद रहे हैं। कीमत 600 से 800 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, फिर भी ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।



ग्राहक उषा देवी कहती हैं कि हम घर में बच्चों और बुजुर्गों के लिए रोजाना मुनक्का इस्तेमाल कर रहे हैं। खासकर खांसी और गले की दिक्कत में यह बहुत फायदा देता है।
विज्ञापन



टकारला से बुजुर्ग ग्राहक प्रेम चंद शर्मा का कहना है कि डॉक्टर की दवाइयों के साथ-साथ हम घरेलू उपाय भी अपनाते हैं। मुनक्का एक नेचुरल और सुरक्षित विकल्प है, इसलिए हम इसे नियमित रूप से लेते हैं।



आयुष विभाग, हिमाचल सरकार से सेवानिवृत्त सब डिविजनल मेडिकल ऑफिसर डॉ. नरेश कुमार शर्मा का कहना है कि मुनक्का हर व्यक्ति को खाना चाहिए। यह स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभकारी होता है और इसके सेवन से खांसी, दमा, कब्ज व अन्य कई बीमारियों से राहत मिलती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें