मरीजों को नहीं करना पड़ेगा निजी लैब का रुख
अस्पताल में जल्द शुरू होगी अल्ट्रसाउंड सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती हो गई है। कई माह से रेडियोलॉजिस्ट का पद खाली चल रहा था। ऐसे में लोगों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही थी। निजी लैब में जाकर लोगों को महंगे दामों पर अल्ट्रासाउंड करवाने पड़ रहे थे। विभाग की तरफ रेडियोलॉजिस्ट को तैनात करने के लिए निर्देश जारी किए गए थे। इस पर विशेषज्ञ ने अस्पताल में ज्वाइन कर लिया है। जिले के सबसे बड़े अस्पताल में अल्ट्रसाउंड जैसी मूलभूत सुविधा के लिए मरीजों को अब भटकना नहीं पड़ेगा। अल्ट्रसाउंड मशीन होने के बावजूद इसका संचालन बीते सात माह से नहीं हो रहा था। क्षेत्रीय अस्पताल में रोजाना औसतन 600 से ऊपर मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं। इनमें से अधिकतर गर्भवती महिलाएं होती हैं। रेडियोलाॅजिस्ट न होने से गर्भवती महिलाओं व अन्य मरीजों के अल्ट्रासाउंड भी नहीं हो पा रहे थे। स्थानीय नागरिकों महेंद्र कुमार, रीता देवी, अनीता देवी, राम पाल, नरेंद्र कुमार, राज वशिष्ठ आदि का कहना है कि जिले के सबसे बड़े अस्पताल में अल्ट्रसाउंड की सुविधा के लिए विशेषज्ञ की तैनाती हो गई है। इससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
कोट्स
रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती क्षेत्रीय अस्पताल में हो गई है। फिलहाल विशेषज्ञ कुछ दिन के अवकाश पर हैं। जल्द ही अल्ट्रसाउंड की सुविधा सुचारू रूप से मिलना शुरू हो जाएगी।
डाॅ. संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक क्षेत्रीय अस्पताल ऊना।