बुढ़वार में बरामद हुई सरकारी सीमेंट की बोरियां। संवाद
थानाकलां (ऊना)। विकास कार्यों के लिए सरकारी धन से खरीदी गई निर्माण सामग्री का समय पर इस्तेमाल नहीं होना अब पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
ऊना जिले की ग्राम पंचायत बुढ़वार में पूर्व पंचायत के कार्यकाल के दौरान खरीदे गए सीमेंट के 35 बैग एक कमरे में खराब हालत में पड़े मिले हैं। मामला सामने आने के बाद सरकारी धन के इस्तेमाल, सामग्री के रखरखाव और जिम्मेदारों की जवाबदेही को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पंचायत के पूर्व कार्यकाल में विभिन्न विकास कार्यों को पूरा करवाने के लिए सीमेंट खरीदा गया था लेकिन लंबे समय तक इसका उपयोग नहीं हुआ। उचित भंडारण और रखरखाव के अभाव में सीमेंट के बैग खराब हो गए। पंचायत के एक कमरे में रखे इन बैगों की तस्वीरें सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। आशंका है कि सीमेंट अब इस्तेमाल के योग्य नहीं रहा है। हालांकि, इसकी वास्तविक स्थिति तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
खंड विकास अधिकारी बंगाणा केएल वर्मा ने कहा कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पंचायत की संपत्ति चाहे पिछले कार्यकाल की ही क्यों न हो, यदि लापरवाही के कारण सामग्री खराब हुई है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि सीमेंट किसकी जिम्मेदारी के तहत रखा गया था और इसके खराब होने के लिए कौन जवाबदेह है।