चैतन्य बोले- मंदी झेल रहे दुकानदारों के साथ अन्याय
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। गगरेट के पूर्व विधायक और भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष चैतन्य शर्मा ने दौलतपुर चौक बाजार के पास एक साथ दो व्यापारिक मेलों की अनुमति देने पर प्रशासन और सरकार पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि स्थानीय बाजार के पास बाहरी मेलों को मंजूरी देना मंदी झेल रहे दुकानदारों के साथ अन्याय है और लोकल फॉर वोकल के नारे के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों में मेले न लगने देने का वादा करने वाले लोग अब खुद उद्घाटन कर रहे हैं, जो जनता के भरोसे से खेल है।
चैतन्य शर्मा ने पूछा कि दो मेलों को एक साथ अनुमति देने की क्या जरूरत थी और किसके दबाव में यह फैसला लिया गया। उन्होंने इसकी खुली जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र संज्ञान नहीं लिया गया तो व्यापारी वर्ग के साथ आंदोलन किया जाएगा।