देर रात हुई हत्या को लेाकर अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए उपायुक्त जतिन लाल व एसपी अमित याद
ऊना। जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए उपायुक्त जतिन लाल ने सभी संबंधित विभागों को सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कानून से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
वीरवार को कानून व्यवस्था की समीक्षा के लिए बुलाई गई बैठक में उपायुक्त ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए 7–8 सदस्यीय क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) गठित की जाएगी। यह टीम दिन-रात हाईवे और संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग करेगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। जिले में अब तक जारी सभी हथियार लाइसेंसों की समीक्षा की जाएगी। प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र की रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। जिन मामलों में भूमि विवाद या अन्य शिकायतों से जुड़े व्यक्तियों के पास हथियार लाइसेंस पाए जाएंगे, उनके लाइसेंस तुरंत निलंबित कर हथियार जब्त किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन या सार्वजनिक रूप से हथियार लहराने वालों पर भी सख्त दंडात्मक कार्रवाई होगी।
वाहनों की हो सघन चेकिंग, फील्ड में हो सक्रिय उपस्थिति
उपायुक्त ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि सीमा क्षेत्रों से आने-जाने वाले सभी वाहनों की सघन चेकिंग की जाए। पुलिस सड़क पर सक्रिय उपस्थिति बनाए और एरिया डोमिनेंस सुनिश्चित करे। शराब ठेकों के साथ जुड़े सभी अहातों की अनुमति संबंधी जांच करे। अवैध खनन गतिविधियों पर और कड़ी निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टिपरों की आवाजाही के मार्गों पर चेक पोस्ट स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी होगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित यादव, उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, एसडीएम गगरेट सौमिल गौतम, सभी डीएसपी, खनन और आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।