अमर उजाला इंपेक्ट
अमर उजाला ने 9 जून को प्रमुखता से उठाया था मामला
आशुतोष डोगरा
ऊना। लोक निर्माण विभाग की तरफ से पंजोआ-बडूही संपर्क मार्ग पर पंजोआ के समीप टूटी सड़क पर टारिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आगामी दिनों में उक्त मार्ग पर जहां भी सड़क टूटी है, उसकी मरम्मत का काम भी जल्द पूरा किया जा रहा है। बता दें कि अमर उजाला की तरफ से 9 जून को इस समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने टारिंग का काम शुरू कर दिया है।
जिले के उपमंडल अंब के तहत पंजोआ-बड़ूही संपर्क मार्ग की खस्ताहालत होने के चलते वाहन चालकोंं और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। बीते अप्रैल माह से इस सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए थे। इस पर लोनिवि ने इन गड्ढों को मिट्टी से भी भर दिया था। आलम यह था कि बीते दिनों हुई बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ होने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। साथ ही हर समय कोई हादसा होने का खतरा भी बना रहता है। अमर उजाला की तरफ से इस समस्या को लोक निर्माण विभाग के ध्यान में लाया गया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया। वर्तमान में पंजोआ के समीप जिस स्थान पर सड़क टूटी थी, वहां टारिंग का काम पूरा कर दिया गया है। विभाग की तरफ से अब बड़ूही पुल के समीप जल्द टारिंग करवाने का काम भी इस सप्ताह के भीतर पूरा कर दिया जाएगा।
कोट्स
पंजो-बड़ूही सपंर्क मार्ग पर टारिंग का शुरू कर दिया गया है। कुछ स्थानों पर टायरिंग व पैच वर्क कर दिया गया। अन्य स्थानों पर भी काम को जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
ई. सुखविंद्र, सहायक अभियंता, लोनिवि, अंब