ऊना। नगर परिषद के पुराने कार्यालय के स्थान पर बहुमंजिला भवन बनाने की योजना नगर निगम बनने के बाद भी सिरे नहीं चढ़ पा रही है। ऐसे में इस भवन का कोई प्रयोग नहीं हो पा रहा है।
नगर परिषद के समय से इस स्थान पर बहुउद्देशीय भवन बनाने का प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजा गया था। इस प्रस्ताव को भेजे हुए दो वर्ष से अधिक का समय हो गया है। प्रस्ताव पर अभी तक विभाग की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
ऐसे में बाजार के बीचोबीच स्थित भवन का उपयोग नहीं हो पा रहा है। इस भवन में मरम्मत का कार्य भी होना है। ऐसे में अब लोग इस भवन में आयोजन करने से भी टालमटोल करते हैं। नगर परिषद का टाउन हॉल भवन खस्ताहाल होता जा रहा है।
नगर परिषद के पुराने भवन के पास बने टाउन हॉल में सामूहिक कार्यक्रमों सहित अन्य आयोजन भी होते थे। इसके लिए गरीब परिवारों के लिए 2100 रुपये और अन्य के लिए 5100 रुपये का शुल्क वसूल किया जाता है जबकि किसी निजी पैलेस या होटल में इस प्रकार के आयोजनों के लिए हजारों रुपये वसूल किए जाते हैं।
नगर निगम की तरफ से नगर परिषद के पुराने भवन व टाउन हॉल को गिराकर नया बहुमंजिला भवन निर्माण करने की योजना बनाई गई थी। इस प्रस्ताव को उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया था लेकिन अभी तक पुराने भवन को तोड़ने के लिए विभाग से कोई मंजूरी नहीं मिल पाई है।