ऊना। नागरिक अस्पताल अंब के नए भवन के निर्माण को लेकर लोक निर्माण विभाग ने प्रक्रिया तेज कर दी है। अस्पताल भवन के निर्माण से संबंधित ड्राइंग सहित अन्य प्रारंभिक कार्य विभाग की ओर से पूरे कर लिए गए हैं। नए भवन के तैयार होने के बाद अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ बेड क्षमता भी बढ़ेगी। प्रस्तावित भवन में 100 बेड की सुविधा उपलब्ध करवाने की योजना है।
अस्पताल के नए भवन का निर्माण होने से अंब क्षेत्र के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। मौजूदा भवन में जगह की कमी के कारण मरीजों और तीमारदारों को कई बार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नए भवन में पर्याप्त जगह उपलब्ध होने से विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी। लोक निर्माण विभाग ने भवन की ड्राइंग तैयार करने समेत निर्माण से जुड़े जरूरी प्रारंभिक कार्य पूरे कर लिए हैं। अब आगामी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। विभागीय स्तर पर निर्माण कार्य को जल्द शुरू करवाने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
अस्पताल का नया भवन के बनने के बाद नागरिक अस्पताल अंब की बेड क्षमता में बढ़ोतरी होगी। इससे भर्ती होने वाले मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। साथ ही अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए भी पर्याप्त स्थान मिल सकेगा। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि नए भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू होकर निर्धारित समय में पूरा होगा।
अंब में अस्पताल के नए भवन को लेकर प्रक्रिया चल रही है। इसे लेकर लोक निर्माण विभाग से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
-डॉ. राहुल कतना, खंड चिकित्सा अधिकारी अंब