निजी पेशेवर कम शुल्क पर अधिक जिम्मेदारी निभा रहे : आवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। नगर निगम ऊना में मानचित्र स्वीकृति और भवन योजना की प्रक्रिया में लगातार देरी और जटिलताएं पेशेवरों की चिंता का कारण बन रही हैं। निजी आर्किटेक्ट और इंजीनियरों का कहना है कि परेशानियों का मुख्य कारण उनकी फीस नहीं, बल्कि पिछले तीन वर्षों में सरकारी शुल्कों में लगभग तीन गुना वृद्धि और प्रशासनिक देरी है।
जिला स्तरीय आर्किटेक्ट एवं इंजीनियर एसोसिएशन के अध्यक्ष नरिंद्र पाल सैनी ने बताया कि स्टाफ की कमी, अनुभव का अभाव और फाइलों पर बार-बार आपत्तियों के कारण अप्रूवल में महीनों लग रहे हैं। आर्किटेक्ट आवेश पराशर ने कहा कि निजी पेशेवर कम शुल्क पर अधिक जिम्मेदारी निभा रहे हैं, जबकि तकनीकी त्रुटियों की पूरी जवाबदेही उन्हीं पर होती है और प्रशासनिक निर्णय उनके नियंत्रण में नहीं।
उन्होंने चेतावनी दी कि कम फीस, अनिश्चित भुगतान और प्रशासनिक दबाव के कारण कई योग्य युवा पेशेवर हिमाचल छोड़कर अन्य राज्यों में काम करने को मजबूर हो रहे हैं।