ऊना। जिले के निजी बस ऑपरेटरों को जल्द ही 15 नए रूट मिलेंगे। आईएसबीटी ऊना में सोमवार को निजी बस ऑपरेटरों से मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने उनकी समस्याएं सुनीं। अग्निहोत्री ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियाें को ऑपरेटरों की मांगों के अनुरूप 15 नए बस रूट देने को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए।
आईएसबीटी स्थित डीडीएम कार्यालय में पहुंचे उपमुख्यमंत्री के समक्ष निजी बस ऑपरेटर यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष राजेश पराशर और निजी बस ऑपरेटर पंकज दत्ता ने नए बस रूट और अन्य सुविधाओं से जुड़ी अपनी मांगें रखीं। मांगों को सुनने के बाद उपमुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी को फोन कर बस ऑपरेटरों की मांगों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके तहत निजी बस ऑपरेटरों को 15 नए बस रूट उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि निजी बस ऑपरेटर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनकी जायज मांगों का समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि आईएसबीटी में निजी बस ऑपरेटरों के लिए प्रतीक्षालय और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा परिसर में ही बसों के टायर पंचर की दुकान स्थापित करने की व्यवस्था करने को भी कहा।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आईएसबीटी परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया और आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर बल दिया।