ऊना। हरोली विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों के सम्मान में वीरवार को जनप्रतिनिधि सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया गया। ऊना के गुलमोहर होटल में आयोजित सम्मेलन की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की। इस अवसर पर उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए गांवों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं और गांवों के विकास की असली ताकत हैं। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि जनता को साथ लेकर पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करें। उनकी ओर से जनप्रतिनिधियों को हर स्तर पर पूरा सहयोग दिया जाएगा ताकि पंचायतों के विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को पूरी गंभीरता से सुना जाएगा। उनकी आवाज को पूरा सम्मान मिलेगा तथा पंचायतों से जुड़े प्रत्येक विषय पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।