ऊना। जिला ऊना के 201 सरकारी और निजी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में अगले छह महीनों तक स्कूल आपदा तैयारी एवं प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के तहत होने वाले इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपदा एवं आपात स्थिति से निपटने के व्यावहारिक गुर सिखाए जाएंगे।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम के तहत प्रथम चरण में 141 सरकारी और 60 निजी स्कूलों को शामिल किया गया है। प्रत्येक स्कूल में करीब डेढ़ घंटे का प्रशिक्षण सत्र होगा। इसमें भूकंप के दौरान ‘ड्रॉप, कवर एंड होल्ड’ अभ्यास, परिवार आपदा प्रबंधन योजना और फैमिली इमरजेंसी किट की जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों को सीपीआर, प्राथमिक उपचार, आपातकालीन उपकरणों के इस्तेमाल और अग्निशामक यंत्र चलाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया समझाने के साथ इमरजेंसी इवैकुएशन ड्रिल भी करवाई जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि नियमित प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल का उद्देश्य विद्यार्थियों व शिक्षकों में आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षा और सामुदायिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। इससे वे आपात स्थिति में स्वयं के साथ दूसरों की मदद करने में भी सक्षम होंगे।