नंदपुर/अंब (ऊना)। अंब क्षेत्र के कुठेड़ा खैरला में पांच अक्तूबर से शुरू होने वाले व्यापार मेले का बुधवार को एसडीएम अंब ने अग्निशमन विभाग की टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। व्यापार मंडल अंब की ओर से मेले के संबंध में शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया। निरीक्षण के दौरान मेले में लगाए गए अग्निशमन यंत्रों की वैधता अवधि समाप्त पाई गई। वहीं, जो अग्निशमन यंत्र मौके पर लगाए गए थे, उनमें से कुछ उचित ढंग से कार्य करने की स्थिति में भी नहीं पाए गए। अग्निशमन विभाग की टीम ने बताया कि मेगा बाजार के आयोजक की ओर से अग्निशमन यंत्र स्थापित करने के लिए विभाग से आवश्यक अनुमति भी अभी तक प्राप्त नहीं की गई है। निरीक्षण के बाद एसडीएम अंब ने संबंधित अधिकारी को मेला आयोजक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन से पहले सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों और अनुमतियों को पूरा करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि अग्निशमन यंत्रों की वैधता और कार्यशीलता सुनिश्चित करने के साथ आयोजक को जरूरी अनुमति व दस्तावेज प्रस्तुत करने तथा जीएसटी संबंधित जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। आमजन की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।