सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ पोस्ट लिखने के आरोप में कांग्रेस नेता अनिल डडवाल के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस टीम रविवार को गगरेट पहुंची, लेकिन डडवाल घर पर नहीं मिले। पुलिस उनके घर पर नोटिस चस्पां कर लौट गई। बताया जा रहा है कि 25 फरवरी को सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट के आधार पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने डडवाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम उन्हें पकड़ने के लिए गगरेट स्थित घर पहुंची, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं थे। मामले की जानकारी मिलने के बाद अनिल ने कहा कि वह गांधी-नेहरू की विचारधारा से जुड़े हुए हैं और ऐसे हथकंडों से डरने वाले नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि वह जल्द ही खुद दिल्ली पुलिस के सामने पेश होंगे। यदि गिरफ्तारी भी होती है तो उसका सामना करने के लिए तैयार हैं, लेकिन सत्ता के दबाव के आगे झुकेंगे नहीं। डडवाल का कहना है कि वह लंबे समय से सोशल मीडिया के माध्यम से कांग्रेस की विचारधारा को मजबूती से उठाते रहे हैं और आगे भी अपनी बात बेबाकी से रखते रहेंगे। गौरतलब है कि अनिल डडवाल ग्राम पंचायत दियोली के उपप्रधान, पंचायत समिति सदस्य और कांग्रेस के सोशल मीडिया सेल के समन्वयक रह चुके हैं। सोशल मीडिया पर वह लगातार पार्टी के पक्ष में सक्रिय रहते आए हैं।