ऊना। ऊना जिला की सब्जी मंडियों में महाराष्ट्र के अनार ने दस्तक दे दी है। एक हफ्ते पहले अनार 200 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा था। वर्तमान में मंगलवार को 250 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से अनार बिका। एक ही हफ्ते के भीतर 50 रुपये दाम अनार के बढ़े हैं। गर्मियों का सीधे तौर पर असर फलों के दामों की वृद्धि पर देखने को मिला है। दूसरी ओर नारियल के दामों में भी 10 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नारियल जो पहले 70 रुपये का एक पीस बिक रहा था, वर्तमान में 80 रुपये के हिसाब से बिक रहा है। कारोबारियों में खलील अहमद व अशोक कुमार का मानना है कि मौसम में बदलाव के चलते फलों की मांग बढ़ी है और आपूर्ति उसकी अपेक्षा बराबर न होने की सूरत में दामों में उछाल आया है। आने वाले दिनों में फलों के दामों में और भी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। उन्होंने कहा कि सब्जी मंडियों में अब बाहरी राज्यों से फल आ रहा है। वहीं दूसरी ओर आम 150 रुपये, अमरूद 120 रुपये, अंगूर 200 रुपये, पपीता 70 रुपये, तरबूज 30 रुपये, खरबूजा 30 रुपये, चिक्कु 80 रुपये, सेब 200 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से मंगलवार को बाजार में बिका है। वहीं किवी चार पीस डिब्बे में पैक 180 रुपये के हिसाब से बिका है। वहीं तेज धूप और लू से फलों को खराब होने से बचाने के लिए शहर के फल विक्रेता अब अपनी दुकानों पर छाते और तिरपाल लगाकर बिक्री कर रहे हैं।
गर्मियों के बढ़ते ही फलों के दामों में भी वृद्धि दर्ज की गई है। गर्मियों में अधिकतर प्रयोग किए जाने वाले फलों के दामों में वृद्धि हुई है। अधिकतर दुकानदार मनमर्जी के दाम भी वसूल रहे हैं। ऊना शहर में अलग-अलग जगह पर फल व सब्जी विक्रेता एक ही वस्तु के अलग-अलग दाम वसूल रहे हैं।
-पिंकी शर्मा, ऊना निवासी
सरकारें महंगाई पर लगाम लगाने में विफल साबित हुई हैं। ऊपर से रोजमर्रा की वस्तुओं के दामों में भी वृद्धि हो रही है। दुकानों में रेट लिस्ट तक नहीं होती है। फल-सब्जियों के कुछ ही दूरी के बाद अलग-अलग दाम तय किए गए हैं। प्रशासन को भी इस ओर ध्यान देना चाहिए।
-मधु शर्मा, ऊना निवासी