ऊना। बीडीसी ऊना के अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष के चुनाव कोरम पूरा न होने के कारण लटक गए हैं। मंगलवार को आयोजित बैठक में कोरम पूरा न होने के चलते चुनाव 27 जनवरी तक स्थगित कर दिए गए।
मंगलवार सुबह 11 बजे डीआरडीए हॉल में ब्लॉक समिति ऊना के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चयन को लेकर बैठक शुरू हुई।
हालांकि इस दौरान केवल एक पंचायत समिति सदस्य ही उपस्थित हुआ था। करीब एक घंटे बाद भाजपा समर्थित करीब 16 अन्य सदस्य भी हॉल में आ गए। 28 सदस्यों वाली ऊना पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न करवाने को कोरम पूरा करने के लिए 19 सदस्यों की जरूरत थी। दूसरी ओर कांग्रेस समर्थित 11 बीडीसी सदस्य स्थानीय सर्किट हाउस में ही अपने नेताओं के साथ बैठक में मौजूद रहे।
उन्होंने अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद के चुनाव को बुलाई गई बैठक में भाग नहीं लिया। कोरम पूरा करने के लिए पीठासीन अधिकारी और एसडीएम ऊना पृथ्वीपाल सिंह द्वारा दिए गए निर्धारित समय तक कोरम पूरा नहीं हो पाया। इसके चलते चुनाव को स्थगित कर दिया गया। बैठक से पहले सुबह से ही भाजपा और कांग्रेस समर्थित बीडीसी सदस्य अपने नेताओं के साथ रेस्ट हाउस में बैठकों में जुटे रहे। भाजपा समर्थित बीडीसी भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और ऊना सदर के विधायक सतपाल सत्ती की अगुवाई में रेस्ट हाउस में जुटे। वहीं कांग्रेस समर्थित सदस्यों ने भी प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य और ऊना सदर से प्रत्याशी रहे सतपाल रायजादा की अगुवाई में लंबे समय तक चली बैठक में भाग लिया।
कोरम पूरा करने के लिए एसडीएम द्वारा दोपहर बाद एक बजे तक दिए समय के पूरा होते ही जहां भाजपा समर्थित बीडीसी डीआरडीए के सभागार से बाहर निकल आए, वहीं कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी सतपाल रायजादा के साथ रेस्ट हाउस से बाहर निकल आए। उधर, एसडीएम पृथ्वीपाल सिंह ने बताया कि कोरम पूरा न होने के कारण पंचायत समिति ऊना के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव नहीं हो पाया है। अब आगामी बैठक 27 जनवरी को बुलाई गई है। इसमें कोरम पूरा करने के लिए 28 में से 15 सदस्यों का मौजूद रहना जरूरी होगा।