फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद को लेकर बढ़ी राजनीतिक सरगर्मियां

Thu, 04 Jun 2026 07:19 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन
थानाकलां (ऊना)। पंचायत समिति बंगाणा के नवनिर्वाचित 19 सदस्यों को 8 जून को शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न दल और गुट अपने-अपने समर्थन का दावा कर रहे हैं, जिससे इस बार पंचायत समिति का गठन काफी रोचक माना जा रहा है।
विज्ञापन


भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़ ने दावा किया है कि पंचायत समिति के 19 में से 14 सदस्य भाजपा समर्थक हैं। दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं का कहना है कि उनके पास 10 सदस्यों का समर्थन है। कांग्रेस का कहना है कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर अंतिम निर्णय सभी निर्वाचित सदस्यों के साथ बैठक के बाद लिया जाएगा।

उधर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष चरणजीत शर्मा का कहना है कि करीब आधा दर्जन सदस्य पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर के समर्थक हैं, जिनकी भूमिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में निर्णायक साबित हो सकती है।
विज्ञापन


राजनीतिक सूत्रों के अनुसार भाजपा की ओर से रायपुर वार्ड की सुषमा देवी को अध्यक्ष तथा धतोल वार्ड के संजीव शर्मा को उपाध्यक्ष पद का संभावित दावेदार माना जा रहा है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पार्टी जल्द ही सभी पंचायत समिति सदस्यों की बैठक आयोजित करेगी। सदस्यों की राय और समर्थन के आधार पर ही अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।

वहीं पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर समर्थक नेताओं का कहना है कि पंचायत समिति के नेतृत्व का चयन केवल राजनीतिक समीकरणों के आधार पर नहीं बल्कि क्षेत्र के विकास, जनहित और पंचायत समिति को नई दिशा देने की क्षमता को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।

गौरतलब है कि पिछली पंचायत समिति में भाजपा के 17 सदस्य और कांग्रेस के केवल 2 सदस्य थे। उस समय भाजपा ने अपने स्पष्ट बहुमत के आधार पर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवारों की घोषणा कर दी थी। पिछली पंचायत समिति में देवराज शर्मा अध्यक्ष तथा जमीत सिंह उपाध्यक्ष रहे थे।

इस बार बदले हुए राजनीतिक समीकरणों के कारण स्थिति पहले जैसी स्पष्ट नजर नहीं आ रही है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि भाजपा अपने प्रत्याशियों के नाम एकतरफा घोषित करती है या विभिन्न गुटों और निर्वाचित सदस्यों से व्यापक चर्चा के बाद अंतिम फैसला लेती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें