गगरेट(ऊना) पॉलिथीन के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद क्षेत्र में धड़ल्ले से पॉलिथीन का प्रयोग हो रहा है। जहां छोटे से लेकर बड़े दुकानदार पॉलिथीन में सामान डाल कर ग्राहकों को बेच रहे हैं, वहीं ग्राहक भी पॉलिथीन का प्रयोग खुले में कर सरकार की मुहिम को कामयाब नहीं होने दे रहे हैं।
गगरेट नगर पंचायत ने गगरेट में सभी दुकानों पर जाकर पॉलिथीन का उपयोग न करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर गगरेट नगर पंचायत के कनिष्ठ अभियंता राजीव ठाकुर और सफाई पर्यवेक्षक हरीश कुमार ने बताया कि संपूर्ण स्वच्छता अभियान के तहत पॉलिथीन का प्रयोग करने पर पूर्ण रूप से पाबंदी है, लेकिन दुकानदार पॉलिथीन का प्रयोग कर रहे हैं। यदि दुकानदार पॉलिथीन के बैग में सामान देने से मना कर दें तो ग्राहक घर से ही कपड़े का बैग लेकर सामान खरीदने बाजार आएगा। इससे पॉलिथीन पर रोक लगाई जा सकती है। वहीं उन्होंने कहा कि अभी दुकानदारों को समझाया गया है । अब किसी भी दुकान पर पॉलिथीन मिलने पर दुकानदार का चालान काट कर दंडित किया जाएगा। नगर पंचायत गगरेट की टीम ने कलोह स्कूल में भी स्वच्छता अभियान के बारे विद्यार्थियों को जागरूक किया।