मैहतपुर/टाहलीवाल/ऊना। आतंकी हमलों की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने जिले में चौकसी बढ़ा दी है। पंजाब के सरहदी इलाकों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस ने जगह नाकेबंदी कर बाहरी राज्यों से आने वाले सभी वाहनों को रोककर बारीकी से तलाशी ली।
जिले के गगरेट, चिंतपूर्णी, हरोली, बाथू, पंडोगा समेत अन्य बार्डर इलाकों पर पुलिस की पैनी नजर रही। पंजाब से सटे ऊना जिला के सरहदी क्षेत्र मैहतपुर के प्रवेशद्वार पर दोपहर ढाई बजे तक सुरक्षा के सामान्य हालत थे, लेकिन चार बजे के बाद अचानक अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए। हर आने जाने पर पैनी नजर रखी जाने लगी। वाहनों की चेकिंग बढ़ा दी गई। मैहतपुर प्रवेशद्वार पर अमूमन तीन पुलिस कर्मी तैनात रहते हैं, जो आठ-आठ घंटे ड्यूटी करते हैं। देश के कई बड़े शहरों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टेंडों, बांधों एवं हवाई अड्डों पर आतंकी हमले की आशंका के चलते वीरवार को करीब चार बजे अतिरिक्त हथियारबंद सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए।
पंजाब से हिमाचल में आने वाले वाहनों की चेकिंग तेज की दी गई है। आतंकी हमले के अलर्ट को लेकर टाहलीवाल और हरोली पुलिस ने संयुक्त रूप से वाहनों की चेकिंग का अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस ने पंजाब से आ रहे वाहनों की बारीकी से तलाशी ली ताकि कोई असामाजिक तत्व जिले में दाखिल न हो सके। टाहलीवाल पुलिस चौकी प्रभारी मदन लाल, हरोली पुलिस थाना से मनोहर लाल, कपिल देव, इंद्रजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, राकेश कुमार, जगतार सिंह की टीम ने टाहलीवाल मुख्य चौक व पंजाब सीमा से सटे बाथड़ी में नाके लगा कर पंजाब से आने वाले वाहनों की तलाशी ली।
गौरतलब है कि टाहलीवाल से पंजाब सीमा से सटे इस मार्ग पर पंजाब से आने वाले वाहनों की आवाजाही रहती है जो इस मार्ग से प्रवेश कर हिमाचल में धार्मिक स्थानों को जाते हैं। एएसपी विनोद धीमान का कहना है कि आतंकी हमले आशंका को लेकर जिला में अलर्ट जारी किया गया है। मैहतपुर समेत जिले के दूसरे सीमावर्ती नाकों पर भी अतिरिक्त चौकसी बढ़ाई गई है।