ऊना। उपायुक्त संदीप कुमार ने प्लास्टिक मुक्त अभियान के बारे में ऊना के सब्जी विक्रेताओं को जागरूक किया। डीसी ने जिला परिषद भवन ऊना के पास लगने वाले सब्जी बाजार में दुकानदारों से बातचीत की। उनसे पॉलिथीन के लिफाफों में सब्जी न बेचने की अपील की।
कल्पवृक्ष फाउंडेशन के साथ मिलकर डीसी ने जागरूकता अभियान में शिरकत की। इस अवसर पर डीसी ने सब्जी खरीदने आए लोगों को कपड़े के थैले वितरित किए। उन्होंने कहा कि जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने में सभी को सहयोग करना चाहिए। उपायुक्त ने कहा कि प्लास्टिक और पॉलिथीन पर्यावरण के लिए घातक है। पर्यावरण संरक्षण में हम सभी को अपने दायित्व को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2 अक्तूबर से सिंगल यूज प्लास्टिक पर सरकार प्रतिबंध लगाने जा रही है। इसके चलते स्वयंसेवी संगठनों के साथ मिलकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। डीसी ने सब्जी विक्रेताओं की शंकाओं को भी दूर किया और प्रशासन को सहयोग देने की अपील की। इस अवसर पर एसडीएम ऊना डॉ. सुरेश जसवाल भी उनके साथ रहे।
इनर व्हील केसदस्य डीसी से मिले
उपायुक्त संदीप कुमार इनर व्हील क्लब के सदस्यों से भी मिले। उनसे प्लास्टिक मुक्त अभियान में सहयोग देने की अपील की। डीसी ने महिलाओं के उत्थान के लिए इनर व्हील के कार्यों की सराहना की। क्लब ने उपायुक्त को हरसंभव सहयोग देने का वादा किया। उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन जल्द ही सभी एनजीओ के लिए जागरूकता शिविर का आयोजन करेगा। इसमें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।