पुलिस ने गगरेट और मलाहत में की कार्रवाई
दो लोगों को नशे के साथ पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला पुलिस ने दो अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 6.78 ग्राम चिट्टा सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई थाना सदर के तहत मलाहत और गगरेट में की है। दोनों मामलों में पकड़े आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है। जानकारी के अनुसार पहले मामले में थाना सदर पुलिस ने वीरवार शाम को मलाहत में गुप्त सूचना के आधार पर एक व्यक्ति की तलाशी ली। इस दौरान उसके पास 05.73 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान कृष्ण गोपाल सैनी उर्फ बब्बू निवासी विकासनगर तहसील व जिला ऊना के तौर पर हुई। दूसरे मामले में गगरेट पुलिस ने होशियारपुर सड़क मार्ग पर इच्छाधारी मंदिर के पास गुप्त सूचना के आधार पर दो कार सवारों को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास 01.05 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपी कार सवारों की पहचान सुभाष चंद निवासी वार्ड-05 गांव दियोली तहसील घनारी, राकेश कुमार निवासी बहडाला तहसील व जिला ऊना के तौर पर हुई।
बसाल में देसी शराब बरामद
ऊना। पुलिस थाना सदर ऊना ने गश्त एवं यातायात जांच के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर एक व्यक्ति की दुकान की तलाशी ली। जहां 11 बोतल देसी शराब बरामद की गई। आरोपी की पहचान रुमित कुमार निवासी अप्पर बसाल तहसील व जिला ऊना के तौर पर हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि सभी मामलों की जांच जारी है। नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की टीमें सक्रिय हैं। उन्होंने इस मुहिम में आमजन का सहयोग भी मांगा है।