गगरेट (ऊना) गत दिवस कोयड़ी में हुए दर्दनाक कार हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है। हादसे में दो प्रवासी युवकों की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य घायल हुए थे। पुलिस इस मामले में दुर्घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल क्रेटा कार को कुठयाड़ी क्षेत्र से बरामद किया था। कार अस्थायी नंबर पर चल रही थी। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे से पहले और बाद की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि
इसके साथ ही पुलिस दुर्घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है। चश्मदीदों के बयान दर्ज कर हादसे की परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार की गति, चालक की लापरवाही या अन्य किसी कारण से यह दर्दनाक हादसा हुआ।
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।