ऊना। जिला मुख्यालय ऊना में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़कों पर अवैध पार्किंग पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार को ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में टो वैन के साथ पहुंचे पुलिस कर्मियों ने नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान रोटरी चौक स्थित सोहन स्टूडियो के समीप नो पार्किंग क्षेत्र में खड़ी एक कार को टो कर हटाया गया। पुलिस की कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
अभियान के तहत सुबह से ही ट्रैफिक पुलिस की टीम ने रोटरी चौक, बस स्टैंड, रेड लाइट चौक सहित शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े वाहनों के चालकों को पहले मौके पर हिदायत दी गई जबकि बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान भी किए गए। पुलिस ने केवल अवैध पार्किंग पर ही कार्रवाई नहीं की बल्कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य वाहन चालकों पर भी शिकंजा कसा। बिना नंबर प्लेट के वाहन चला रहे चालकों के चालान किए गए जबकि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों के खिलाफ भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि जिले में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नियमित रूप से विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।