थानाकलां (ऊना)। जिला ऊना के गांव पिपलू में 24 जून से 26 जून तक आयोजित होने वाले जिला स्तरीय पिपलू मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने भारी वाहनों और बसों के रूट में अस्थायी परिवर्तन किया है।
उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी ऊना जतिन लाल द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, मेले के दौरान बंगाणा से धनेटा जाने वाले भारी वाहन एवं बसें पिपलू मार्ग से होकर नहीं गुजरेंगी। इन वाहनों को बंगाणा–तूतड़ू–भियाम्बी–किटपल–धनेटा मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
यह निर्णय उपमंडलाधिकारी (नागरिक) बंगाणा के अनुरोध पर लिया गया है ताकि मेले के दौरान क्षेत्र में यातायात जाम और भीड़भाड़ की स्थिति से बचा जा सके। यह व्यवस्था 24 जून से 26 जून 2026 तक प्रभावी रहेगी।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को आदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, मार्ग पर सूचना बोर्ड लगाने तथा आम जनता को पहले से अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित में आवश्यकता पड़ने पर इस अनुमति को बिना किसी कारण बताए निरस्त भी किया जा सकता है।