ऊना। पीस मील कर्मचारियों की हड़ताल जारी रहने से अब एचआरटीसी प्रबंधन समेत यात्रियों की मुश्किलें बढ़ना शुरू हो गई हैं। हड़ताल के चलते शनिवार को आईएसबीटी ऊना से दो बस रूटों पर बसें नहीं चल पाई। जबकि वर्कशॉप में भी मरम्मत के लिए बसें खड़ी रहीं। वहीं, पीस मील कर्मचारी हड़ताल में बैठकर मांगों के समर्थन में नारेेबाजी कर रहे हैं।
वर्कशॉप में काम के दबाव के चलते भी बसों की मरम्मत में समय लग रहा है। ऐसे में यात्री परेशान हो रहे हैं। शनिवार को ऊना-सुजानपुर-बद्दी और ऊना-बिहडू रूट पर बस सेवा नहीं चल पाई। दोनों मार्ग सुबह के समय ही ठप होने पर यात्री परेशान रहे। लंबी दूरी का रूट प्रभावित होने से बस स्टैंड पहुंचे यात्री देरी से दूसरी बसों के माध्यम से गंतव्य तक पहुंचे।
एचआरटीसी पीस मील कर्मचारी मंच ऊना के प्रधान तरुण कुमार ने बताया कि पीस मील कर्मचारियों को पहले भी सरकार ने आश्वासन दिया था लेकिन उस पर कुछ नहीं हुआ। सरकार यदि लिखित में अनुबंध में लाने के आदेश जारी करती है तो ही हड़ताल खत्म की जाएगी अन्यथा पीस मील कर्मचारी मोर्चे पर डटे रहेंगे।
इस मौके पर पीस मील कर्मचारियों में रोहित, मोनू ठाकुर, अमित, मुकेश, अमित और अन्य मौजूद रहे। बता दें कि एचआरटीसी वर्कशॉप में वर्तमान में करीब 38 कर्मचारी काम करते हैं। इनमें 28 पीस मील कर्मचारी शामिल हैं। ऐसे में अब बसों को मरम्मत करने का जिम्मा अब केवल दस कर्मचारी संभाल रहे हैं जिससे व्यवस्थाएं चरमरा रही हैं।
अगर समय रहते हड़ताल समाप्त न हुई तो एचआरटीसी के जिला के कई रूट प्रभावित होने की संभावना है। इस संबंध में आरएम ऊना सुरेश धीमान ने कहा कि हड़ताल के चलते शनिवार को दो रूट प्रभावित हुए हैं।