ऊना। रामपुर बेली ब्रिज पर नियमों को ताक पर रखकर पिकअप निकालने की कोशिश ने सैकड़ों लोगों की राह रोक दी। ऊंचाई रोकने के लिए लगाए गए बैरियर में पिकअप ऐसी फंसी कि पुल पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। वाहन चालक की लापरवाही का खामियाजा राहगीरों को भुगतना पड़ा। हालात ऐसे बने कि पुलिस-प्रशासन के पहुंचने से पहले लोगों को खुद ही मोर्चा संभालना पड़ा और मशक्कत के बाद पिकअप को बैक करवाकर बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शी सिद्धार्थ, आकाश राणा, अनमोल ने बताया कि बेली ब्रिज पर ऊंचाई अवरोधक लगे होने के बावजूद शाम करीब साढ़े पांच बजे पिकअप चालक ने वाहन निकालने का प्रयास किया। बैरियर के कारण पिकअप आगे नहीं निकल सकी और बीच रास्ते में फंस गई। इससे ब्रिज पर दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। देखते ही देखते ब्रिज के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब एक घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए इंतजार करना पड़ा।
लोगों ने खुद संभाली व्यवस्था
जाम में फंसे लोगों का आरोप है कि घटना के दौरान पुलिस-प्रशासन मौके पर नहीं पहुंचा। ऐसे में लोगों को खुद ही पिकअप को पीछे करवाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। वाहन को सुरक्षित तरीके से बैक करवाने के बाद ही रास्ता खुल सका। लोगों ने सवाल उठाए कि जब पुल पर इस तरह की स्थिति पैदा हुई तो यातायात व्यवस्था संभालने के लिए मौके पर पुलिस प्रशासन नहीं पहुंचा।
पहले से क्षतिग्रस्त पुल पर जोखिम बढ़ाने की कोशिश
रामपुर बेली ब्रिज अगस्त 2024 में क्षतिग्रस्त होने के बाद से ही सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील बना हुआ है। पुल की मरम्मत और स्थायी समाधान को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में ऊंचाई बैरियर के बावजूद पिकअप निकालने का प्रयास न केवल यातायात बाधित करने वाला साबित हुआ, बल्कि पुल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
देर शाम को बेली ब्रिज पर ट्रैफिक जाम की सूचना मिली। जिसके बाद सिटी पुलिस की टीम को रामपुर बेली ब्रिज के लिए रवाना कर दिया गया।
-सचिन हिरेमठ, पुलिस अधीक्षक ऊना