गगरेट (ऊना)। नवरात्र शुरू होने के साथ ही देशभर में त्योहारी सीजन शुरू हो गया है। इसके साथ ही बाजार में भी रौनक लौटने की उम्मीद बढ़ी है। लंबे समय से मंदी की मार झेल रहे कारोबारियों को अब त्योहारी सीजन से अच्छे कारोबार की आस है। व्यापारियों को उम्मीद है कि नवरात्र से लेकर दिवाली तक बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी और बिक्री में सुधार आएगा। त्योहारी सीजन को देखते हुए विभिन्न कंपनियों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए ऑफर और विशेष स्कीमें पेश करने की तैयारी की है। इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ों, जूते, बर्तन, मोबाइल और घरेलू सामान की दुकानों पर भी इस दौरान खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है। कंपनियों की ओर से मिलने वाली छूट और अन्य सुविधाएं ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रोत्साहित कर सकती हैं। व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से बाजार में अपेक्षा के अनुरूप ग्राहक नहीं पहुंच रहे थे। महंगाई और ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन ने भी स्थानीय कारोबार को प्रभावित किया है। ऐसे में त्योहारी सीजन उनके लिए राहत लेकर आ सकता है। नवरात्र से शुरू होकर करवाचौथ, धनतेरस और दिवाली तक बाजार में रौनक बढ़ने की संभावना है। अब कारोबारियों की निगाहें ग्राहकों की खरीदारी पर टिकी हैं। क्षेत्र के दुकानदारों विकास, संजय, अतुल, अरविंद, विजय आदि के अनुसार त्योहारों में हर व्यापारी को अच्छा व्यापार होने की उम्मीद है जिससे लंबे समय की मंदी भी दूर होने की आस हैं।