ऊना। ऊना-अंब राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह घंडावल के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी कार की छत पर पलट गया। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई जबकि पिकअप चालक और परिचालक को मामूली चोटें आईं। गनीमत रही कि जिस कार पर ट्राला पलटा, उसका मालिक कुछ सेकंड पहले ही गाड़ी से उतरकर अपनी दुकान में चला गया था। इससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार हरोली के बढेड़ा निवासी चालक पिकअप में एंगल और सीमेंट की बोरियां लोड कर चिंतपूर्णी की ओर जा रहा था। चालक के मुताबिक घंडावल पहुंचने पर सामने से आ रही एक बस ने अचानक कट मार दिया। बस से बचने के लिए उसने पिकअप को मोड़ने का प्रयास किया लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान ट्राला सड़क किनारे खड़ी कार की छत पर जा चढ़ा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर ट्राले में फंसे चालक और परिचालक को बाहर निकाला। दोनों को मामूली चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए धुसाड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के समय कार में कोई मौजूद नहीं था।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। पिकअप चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए क्षतिग्रस्त कार की मरम्मत करवाने की बात कही है। आपसी सहमति के चलते मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।