मैहतपुर (ऊना)। स्कूलों में बेटियों की सुविधा के लिए सीएचसी बसदेहड़ा में पहुंचा सेनेटरी पैड का स्टॉक कई पीएचसी के प्रभारी नहीं उठा रहे हैं। इसका कारण भाड़े को लेकर आ रही समस्या माना जा रहा है। यही कारण है कि सैनेटरी पैड सरकारी स्कूलों में बेटियों को पहुंच से दूर है। सरकार ने अगले सात महीनों का स्टॉक अग्रिम तौर पर बसदेहड़ा सीएचसी में पहुंचा दिया है। सीएचसी में अभी भी स्टॉक पड़ा है, जिसे उठाने के लिए पीएचसी के कई प्रभारी दिलचस्पी नहीं दिख रहे हैं। पीएचसी के सूत्रों के अनुसार सरकार की ओर से सैनेटरी पैड की 436 पेटियां पहुंच चुकी हैं, जिनमें से कुछ पेटियों की ही सप्लाई हो पाई है, बाकी का सारा स्टॉक बसदेहड़ा में ही पिछले कई दिनों से पड़ा हुआ है। सूत्रों के अनुसार यहां से पैड का स्टॉक प्राइमरी हेल्थ सेंटरों में जाएगा, वहां से उनके अधीन आने वाले सब सेंटरों को इनकी सप्लाई होगी। सब सेंटरों से आशा वर्करों के माध्यम से सरकारी तथा निजी स्कूलों में पढ़ने वाली बेटियों को पैड वितरित किए जाने की योजना है। सैनेटरी पैड माध्यमिक, उच्च तथा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में वितरित किए जाएंगे। बसदेहड़ा मेडिकल ब्लॉक के अंतर्गत करीब 110 सरकारी तथा निजी स्कूल आते हैं, यहां पर पढ़ने वाली बेटियों को पैड वितरित किए जाने हैं।
क्षेत्र के करीब 110 सरकारी तथा निजी स्कूलों की बच्चियों के लिए आया सैनेटरी पैड का स्टॉक इस बार अधिक मात्रा में आ गया है। कई जगह तो भेज दिया गया है लेकिन अभी कुछ जगह पर सप्लाई नहीं पहुंच पाई है। जल्द सैनेटरी पैड स्कूलों में बच्चियों को वितरित हो सकें, इसकी व्यवस्था की जा रही है।
-डॉ. रामपाल शर्मा. बीएमओ सीएचसी बसदेहड़ा।