ऊना। टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर सुविधाओं का ढांचा विकसित करने के लिए जिला उद्योग विभाग ऊना का प्रस्ताव है। विकासात्मक ढांचे का खाका तैयार कर विभाग की ओर से राज्य उच्च विभाग को भेज दिया गया है।
बजट मंजूरी के बाद इस दिशा में कार्य आने वाले समय में देखने को मिलेगा। उद्योग विभाग ने लगभग 14.54 करोड़ रुपये की मांग प्रस्ताव में की है। आगामी वित्तीय वर्ष के लिए उद्योगों के विकास के लिए इस आवेदन में टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र के फेज एक व दो का कायाकल्प होगा। फिलहाल राज्य सरकार की मंजूरी के बाद इस प्रस्ताव पर बजट के लिए अंतिम मुहर केंद्रीय मंत्रालय से लगेगी।
वहां से मंजूरी मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल के फेज एक व दो में जरूरत के अनुसार विभिन्न योजनाओं के विकास को सिरे चढ़ाया जाएगा। खासकर इस क्षेत्र में उद्यमियों सहित कामगारों के लिए चकाचक सड़कें, गलियां, मजबूत ड्रैनेज सिस्टम, स्ट्रीट लाइट्स जैसी सुविधाओं पर बड़ी राशि से विकास किया जाएगा। दोनों फेज में विकास का ढांचा मजबूत होने से सड़कों की मजबूती के बाद उद्योगों में पहुंच के लिए बड़े-छोटे वाहनों का आवागमन भी सुगम होगा।
स्ट्रीट लाइट्स के कोने-कोने पर होने से भी रात्रि शिफ्ट में कार्य करने आने वाले कामगारों को भी दुधिया रोशनी से चमक रही मार्गों पर सुरक्षित महसूस कर सकेंगे। उद्यमियों को भी इन सभी सुविधाओं में इजाफे के साथ बड़ा लाभ मिलेगा।
-
टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र के फेज वन एवं टू के ढांचागत विकास के लिए प्रोजेक्ट रिपोर्ट राज्य को भेजी गई है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद इसके विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
-अंशुल धीमान, संयुक्त निदेशक, जिला उद्योग विभाग, ऊना