वार्ड सात के लोगों ने कहा- पंखे और कूलर के लिए भी लोड पूरा नहीं होता
संवाद न्यूज एजेंसी
पंजावर (ऊना)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के विधानसभा हलके हरोली के सबसे बड़े क्षेत्रफल वाले गावों में एक पंडोगा में अभी भी लोग बिजली आपूर्ति से जुड़ी परेशानियों से जूझ रहे हैं। इस क्षेत्र के वार्ड छह और सात की एक बड़ी आबादी को जरूरत के मुताबिक बिजली की सप्लाई नहीं पहुंच रही है। इसका कारण यह है कि करीब 600 घरों की बिजली आपूर्ति दो ट्रांसफार्मर के सहारे हैं। क्षेत्र के लोग बीते काफी समय से नए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन विभाग के अधिकारी औपचारिकता के बाद दोबारा नहीं लौटते। इससे लोगों की उम्मीदों पर पानी फिरता जा रहा है।
जानकारी के अनुसार पंडोगा के वार्ड सात से मोहल्ला हार के लिए एक बिजली का ट्रांसफार्मर लगाने के लिए बीते दिनों बिजली विभाग के अधिकारियों ने बड़े आश्वासन दिए, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हुआ। याद दिला दें कि कुछ दिन पहले ही पंडोगा क्षेत्र में कुछ लोगों ने रातभर लगने वाले बिजली कट से परेशान होकर धरना देने की चेतावनी दी थी। इस गांव की सप्लाई साथ लगते गांव खड्ड में स्थापित सब स्टेशन से होती है, लेकिन फिर भी बिजली से जुड़ी परेशानियां आती हैं। लोगों ने जब धरना देने की चेतावनी दी तो अगले ही दिन बिजली विभाग के अधिकारी कर्मचारियों के साथ मौका देखने पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने नया ट्रांसफार्मर एक सप्ताह के अंदर लगाने के लिए कहा, लेकिन एक महीना बीत जाने के बाद भी कुछ नहीं हुआ।
केवल चुनाव तक अधिकारी आए, बाद में कोई नहीं आया
क्षेत्र के निवासी रमेश कुमार, बलबीर सिंह, सतीश कुमार, रीना देवी, सुनील कुमार ने कहा कि पंखे, कूलर के लिए ही बिजली का लोड पूरा नहीं हो पाता। ऐसे में यहां के लोग एसी तो लगा ही नहीं सकते। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को प्रतिनिधि केवल वोट लेने तक अधिकारियों को यहां भेजते रहे। अब कोई नहीं आता। उन्हें इंतजार है अब अगले चुनावों का। उम्मीद है कि तब कुछ होगा।
खड्ड सब स्टेशन में तैनात बिजली बोर्ड के एसडीओ केके चौधरी ने कहा कि पंडोगा के वार्ड सात में नए ट्रांसफार्मर को स्थापित करने की मांग रखी गई है। जैसे ही ट्रांसफार्मर की आपूर्ति होती है, तुरंत स्थापित कर दिया जाएगा। इसको लेकर प्रक्रिया चल रही है।