टकारला के वार्ड पांच में संपर्क मार्ग पर बारिश के बाद जमा हुए मलबे का दृश्य। संवाद
बड़ूही (ऊना)। उपमंडल अंब के अंतर्गत टकारला पंचायत के शिवनगर वार्ड पांच में हर वर्ष बरसात के मौसम में नाले का पानी लोगों के लिए कई मुसीबतें साथ लेकर आता है। भारी बारिश के दौरान नाले का पानी रिहायशी क्षेत्र में घुस जाता है, इससे ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। टकारला पंचायत के वार्ड पांच के ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश के चलते नाला उफान पर आ गया।
पानी का बहाव इतना तेज था कि नाले का एक किनारा टूट गया। देखते ही देखते बेकाबू पानी खेतों, रिहायशी इलाकों और सरकारी ट्यूबवेल परिसर में प्रवेश कर गया। पानी ने मक्की की खड़ी फसल को भी नुकसान पहुंचाया।
नाले के साथ लगने वाला संपर्क मार्ग भारी मात्रा में गाद, पत्थरों और मलबे से भर गया, जिससे लोगों का बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया। वार्ड पांच के पंच कृष्ण देव सहित स्थानीय ग्रामीण बिहारी लाल, किशोरी लाल, श्रवण सिंह, केवल कुमार और मीना कुमारी ने प्रशासन से मांग की है कि नाले को और अधिक गहरा किया जाए तथा दोनों ओर तटीकरण करवाया जाए।
एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में हुए नुकसान का आकलन करने के राजस्व विभाग को निर्देश जारी कर दिए हैं। नाले की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।