ऊना से दिल्ली के लिए चलने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन के रायमैहतपुर रेलवे स्टेशन पर न रुकने से इलाके के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ट्रेन
ऊना तथा नंगल में ही रुकती है। इसके चलते इस इलाके के नागरिकों को ट्रेन पकड़ने के लिए 15 से 20 किलोमीटर दूर ऊना जाना पड़ता है या फिर 7 से 10 किलोमीटर दूर नंगल रेलवे स्टेशन पहुंचना पड़ता है।
यही समस्या दिल्ली से आने वाले यात्रियों को पेश आती है। मैहतपुर, बसदेहड़ा, रायपुर सहोड़ां, देहलां, जखेड़ा, मोरबड़, भटोली, हंडोला, बडहला, चताड़ा, चढ़तगढ़, उदयपुर, नंगड़ां, संतोषगढ़ आदि कई अन्य ग्राम पंचायतों के नागरिकों को नंगल अथवा ऊना स्टेशन पर उतरना पड़ता है, जिससे उन्हें घर तक पहुंचने के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। चढ़तगढ़ तथा खानपुर ग्राम पंचायतों ने इस बाबत प्रस्ताव पारित कर जिप सदस्य पंकज सहोड़ को सौंप कर इस मसले को हल करवाने की मांग उठाई है।
चढ़तगढ़ पंचायत प्रधान आरती ऐरी तथा खानपुर के पंचायत प्रधान योगराज ने पारित प्रस्तावों के जरिये कहा है कि जनशताब्दी के रायमैहतपुर में न रुकने के कारण रात्रि के वक्त इलाके के लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस मसले को रेलमंत्री के समक्ष उठाने के लिए राज्य सरकार और स्थानीय सियासी नुमाइंदों को भी संजीदगी दिखानी चाहिए, जो देखने को नहीं मिल रही है। पंचायत प्रधानों ने जिप सदस्य पंकज सहोड़ को पारित प्रस्ताव सौंपकर इलाके में सैकड़ों नागरिकों की समस्या हल करवाने को लेकर अपनी आवाज बुलंद की है। उधर, जिप सदस्य पंकज सहोड़ ने कहा कि लोगों की उक्त समस्या गंभीर है और इस मसले को सांसद अनुराग ठाकुर के समक्ष उठाएंगे।