वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत ऊना में पेंशन का वितरण पोस्टल डिपार्टमेंट की ओर से कुछ समय तक मनीआर्डर से किया जाएगा। इसके बाद डाक विभाग के मार्फत ही क्षेत्र में वृद्धावस्था पेंशन का वितरण किया जाएगा। इससे पहले जिले में वृद्धावस्था पेंशन का वितरण बैंकों की ओर से किया जा रहा था। यह जानकारी विभाग के डायरेक्टर पोस्टल सर्विसेज हिमाचल प्रदेश सर्किल शिमला निर्मल सिंह ने शनिवार को विभाग की ओर से सपौरी में निर्मित वर्षाशालिका के उद्घाटन अवसर पर दी। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे निर्मल सिंह ने विधिवत पूजा अर्चना के बाद रेन शेल्टर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए डाक विभाग की सेवाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। विशेष रूप से उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना को एक बेहतरीन योजना बताते हुए शून्य से दस वर्ष की बच्चियों के खाते खोलने पर बल दिया। सहायक निदेशक एचपी सर्किल शिमला एसपी सिंह जसवाल ने बताया कि प्रदेश में विभाग की ओर से चार जगह रेन शल्टर बनाए गए हैं, जिसमें सपौरी क्षेत्र एक है। उन्होंने बताया कि उपमंडल मुख्यालय अंब में जल्द पोस्ट ऑफिस के लिए बिल्डिंग बनाई जाएगी, जिसके लिए विभाग की ओर से अनुमति प्रदान की गई है। इसके बारे में टेंडर भी जारी किए जा चुके हैं, जिस पर जल्द काम शुरू हो जाएगा। इससे पहले मुख्य अतिथि निर्मल सिंह के सपौरी आगमन पर एसपी सिंह जसवाल, एमएस राणा अधीक्षक ऊना मंडल, राजेश धीमान इंस्पेक्टर पोस्ट ऑफिस अंब सहित विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनको गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर पंचायत समिति के पूर्व चेयरमैन प्रकाश चंद जसवाल, कमलेश जसवाल, सेवानिवृत्त पोस्ट मास्टर कृष्ण कुमार जसवाल, पोस्ट फोरम अंब के सदस्य सावनमल, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य कर्मचंद, तेजा सिंह जसवाल, केके जसवाल, पूर्व एसपीएम कृष्णा देवी, आरसी जस्वाल, डीएस जस्वाल, सपौरी ग्राम पंचायत प्रधान रणबीर सिंह, उपप्रधान वकील सिंह, सुरजीत सिंह जसवाल, श्रीकृष्ण जोशी, मस्तान सिंह जसवाल, कृष्ण सिंह सहित अन्य गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।