दुलैहड़(ऊना)। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गोंदपुर बुला में उद्योग विभाग की ओर से दो करोड़ की लागत से विकसित किए जाने वाले पार्क का शिलान्यास किया। यह पार्क 40 कनाल भूमि में बनेगा और इसमें लघु चिडियाघर, चिल्ड्रन पार्क, तरणताल, नौका विहार, कैफे, इंडोर गेम एवं जिम सहित अनेक आकर्षण होंगे। पार्क में झूले भी लगाए जाएंगे। पार्क का निर्माण चंडीगढ़ की तर्ज पर किया जाएगा। गोंदपुर बुला में इससे पूर्व खूबसूरत जलाशय भी जनता को समर्पित किया जा चुका है, जो प्रकृति प्रेमियों एवं सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बनने लगा है। उद्योग मंत्री ने औद्योगिक नगरी टाहलीवाल में 15 लाख की लागत से उद्योग विभाग द्वारा निर्मित खूबसूरत रैन शैल्टर का लोकार्पण भी किया। यह रैन शैल्टर दिल्ली में कामनवेल्थ खेलों के दौरान बनाए गए रैन शैल्टरों की शैली के आधार पर तैयार किया गया है।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्यावरण मित्र के साथ-साथ उद्योग मित्र वातावरण तैयार किया जा रहा है ताकि बड़े औद्योगिक घरानों व औद्योगिक निवेश को आमंत्रित किया जा सके। इस क्षमता का पूर्ण दोहन होने पर हिमाचल आर्थिक तौर पर सशक्त बनेगा वहीं शिक्षित युवाओं के लिये लाखों अवसर पैदा करने की क्षमता भी उत्पन्न होगी। मौजूदा अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के लिए सरकार ने आय सृजन करने वाले क्षेत्रों जैसे उद्योग, ऊर्जा तथा पर्यटन को प्राथमिकता प्रदान की है। इस अवसर पर उद्योग विभाग के निदेशक राजेंद्र सिंह, एसआईडीसी के प्रबंध निदेशक एसएस गुलेरिया, हरोली ब्लाक कांग्रेेस अध्यक्ष रणजीत राणा, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर, खादी बोर्ड के निदेशक व गोंदपुर बुला के प्रधान सतीश बिट्टू, उपप्रधान सतीश, जिला परिषद सदस्य अमनदीप मोनी, बीडीसी सदस्य सतनाम भाटिया, मास्टर राजकुमार, सिंगा के पूर्व प्रधान सुरेंद्र चड्ढा, एसडीएम धनवीर ठाकुर, डीएसपी अमित शर्मा, उद्योग विभाग के उपनिदेशक तिलक राज शर्मा, हरोली ब्लाक युवा कांग्रेस के अध्यक्ष नछत्र सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।