सांसद अनुराग ठाकुर का स्वागम करते भाजपा पदाधिकारी। संवाद
ऊना। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पाकिस्तान हमेशा कांग्रेस की तारीफ करता है, क्योंकि कांग्रेस राष्ट्रहित को सर्वोपरि नहीं मानती। उन्होंने कहा कि जब भारतीय सैनिक पाकिस्तान को सबक सिखाते हैं तो कांग्रेस सबूत मांगने लगती है, लेकिन भाजपा हमेशा राष्ट्रहित को प्राथमिकता देती है।
सांसद ठाकुर ने भाजपा कार्यालय दीप कमल ऊना में आयोजित व्यापारी मिलन बैठक में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया और खेल के मैदान में भारतीय खिलाड़ियों की जीत शहीदों और वीर जवानों को समर्पित है। उन्होंने जीएसटी सुधारों पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि अब 22 सितंबर से लागू होने वाले सुधारों से जनता को और अधिक राहत मिलेगी।
इसके तहत खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में कमी आएगी, जिससे आम उपभोक्ताओं और मध्यम वर्गीय परिवारों को लाभ होगा। सांसद ने व्यापारिक संगठनों से कहा कि सरकार हमेशा व्यापारी और उपभोक्ता हितों की रक्षा के लिए तत्पर है। इस अवसर पर जिला भर के व्यापारी उपस्थित रहे।