स्कूलों को आपदा प्रबंधन की योजना तैयार करने के आदेश
विज्ञापन
ऑनलाइन एप पर अपलोड करना होगा प्लान, विभाग ने बनाई है स्कूल सेफ्टी एप
आपदा के लिए स्कूल कितने हैं तैयार, इसका होगा आकलन
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले के स्कूलों में आपदा प्रबंधन को लेकर तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान स्कूलों की आपदा से लड़ने की तैयारियों का आकलन किया जाएगा। साथ ही उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे। इस संदर्भ में सभी स्कूलों को अधिसूचना जारी की गई है। यह निर्देश सर्दी के मौसम को देखते हुए जारी किए गए हैं। जानकारी के अनुसार सर्दी के मौसम में शार्ट सर्किट से आग लगने जैसी घटनाओं से बचाव को लेकर विभाग ने सक्रियता बढ़ाई है। शिक्षा विभाग की ओर से जिले से सभी स्कूलों को आदेश दिए हैं कि आपदा प्रबंधन को लेकर जो भी तैयारियां या योजना बनाई गई है, उसे विभाग की ओर से साझा किया जाए।
इसके साथ ही आपदा से बचाव की योजना को ऑनलाइन स्कूल सेफ्टी एप पर भी अपलोड करने के लिए कहा गया है। ध्यान रहे कि बीते वर्षों में भारी बरसात के बाद स्कूलों की इमारतों को खासा नुकसान हुआ था। विशेषकर जलभराव के कारण कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं। जांच में पाया गया कि स्कूलों में बरसाती पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था नहीं है। इसके बाद सभी स्कूलों को प्राकृतिक आपदा के दौरान उससे बचाव के लिए योजनाएं तैयार रखने को कहा गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को भी प्राकृतिक आपदा से बचने के लिए प्रशिक्षित करने के निर्देश हैं। इसी वजह से स्कूलों में विद्यार्थियों को प्रशिक्षित करने के लिए शिविर लगाए जाते हैं।
उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोमलाल धीमान ने कहा कि सभी स्कूल अपने विद्युत कनेक्शन की जांच करें। किसी प्रकार की खामी मिलने पर उसकी तुरंत मरम्मत करवाई जाए। सोमलाल धीमान ने कहा कि आने वाले दिनों में सभी स्कूलों का औचक निरीक्षण भी किया जाएगा। इसमें आपदा से निपटने के लिए प्रबंधों की जांच भी होगी।