ऊना। जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) पेखूबेला में छठी कक्षा में दाखिला आवेदनों की संख्या बढ़ाने के आदेश सभी सरकारी स्कूलों को दिए गए हैं। दाखिला आवेदन की प्रक्रिया बीती चार जून से शुरू हुई और 29 जुलाई तक जारी रहेगी। हैरत की बात है कि अभी तक मात्र 102 विद्यार्थियों के दाखिला आवेदन आए हैं जबकि समय सीमा मंगलवार को खत्म हो जाएगी। जानकारी के अनुसार एडीसी ऊना कार्यालय की ओर से शिक्षा उपनिदेशक कार्यालयों को निर्देश दिए हैं कि जेएनवी में छठी कक्षा के दाखिला आवेदनों की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि ऊना जिला में दाखिला आवेदनों की संख्या 3,380 तक पहुंचाने का लक्ष्य रक्षा गया है। करीब दो माह तक चली इस दाखिला आवेदन की प्रक्रिया में अभी तक बेहद कम आवेदन हुए। उपनिदेशक कार्यालयों को हिदायत दी गई कि दाखिला के लिए खंड स्तर पर बैठकों का आयोजन करें। इसमें जेएनवी दाखिला संख्या बढ़ाने के लिए चर्चा करें और नए रास्ते खोजें। इसके साथ विद्यार्थियों के आवेदन पंजीकरण का आंकड़ा प्रतिदिन जांचे ताकि आवेदन संख्या की जानकारी पुख्ता रहे। स्कूलों को सुबह की प्रार्थना सभा और अन्य मंच के माध्यम से भी जेएनवी दाखिलों को लेकर बच्चों के माता-पिता को जागरूक करने करने के निर्देश दिए गए।
ध्यान रहे कि जेएनवी की गिनती देश के प्रतिष्ठित विद्यालयों में की जाती है। इसमें पढ़ाई के लिए बेहद कम संख्या में दाखिला आवेदन का होना अपने आप में चिंता का विषय है। दो माह में मात्र 102 बच्चों के आवेदन आए। यह स्थिति जागरूकता की कमी से है या माता-पिता का रुझान कम हुआ, इस पर विभाग और प्रशासन को पड़ताल करनी होगी।
-
उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा विभाग सोमलाल धीमान ने बताया कि सभी स्कूलों को अधिक से अधिक संख्या में दाखिला आवेदन के लिए निर्देश दिए गए हैं। अभी तक बेहद कम बच्चों के आवेदन सामने आए हैं, इसके पीछे के कारणों का पता लगाया जाएगा।