घनारी (ऊना)। गगरेट विधानसभा क्षेत्र में बिजली बोर्ड की लापरवाही अब आम जनता की जान पर भारी पड़ने लगी है। क्षेत्र में कई स्थानों पर लगे ट्रांसफार्मरों के ढक्कन सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाते हुए खुले पड़े हैं, जो किसी भी समय बड़े हादसे का न्योता दे सकते हैं। कई गांवों और नगर पंचायतों में ट्रांसफार्मर जमीन से सटे हुए हैं और उनके ढक्कन गायब हैं।
ये ट्रांसफार्मर चारों ओर से बिना किसी सुरक्षा घेराबंदी के खुले पड़े हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति बिजली विभाग की वर्षों पुरानी लापरवाही का परिणाम है।खुले ट्रांसफार्मर न केवल आम नागरिकों, बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरनाक हैं, बल्कि इनके आसपास घूमने वाले आवारा पशुओं के लिए भी यह मौत का फंदा बन गए हैं। बावजूद इसके, बिजली विभाग और संबंधित अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। स्थानीय लोग कहते हैं कि न तो समय-समय पर निरीक्षण किया जा रहा है और न ही सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
विशेषज्ञों और स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इन जानलेवा ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित नहीं किया गया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा होना तय है। इसके लिए पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और संबंधित प्रशासन पर होगी। अब देखना यह होगा कि क्या प्रशासन इस गंभीर स्थिति पर कोई कार्रवाई करेगा।